छठ पर्व के चौथे दिन सोमवार सुबह व्रतियों ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगल कामना की। सूर्य की उपासना करने के बाद व्रतियों ने निर्जला व्रत खोला। इस मौके पर छठ मैया के जयकारे और गीत गूंजते रहे।
शहर के विभिन्न स्थानों पर बने छठ पूजा घाट ब्रह्म मुहूर्त में गुलजार हो गए। अर्मापुर, पनकी, किदवईनगर, शास्त्रीनगर, नमक फैक्टरी चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर पूजा के घाट बनाए गए थे। इस मौके पर भोजपुरी महासभा और केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी ने घाटों पर पहुंचकर छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए गाय का दूध वितरित किया। मैया की चुनरी ओढ़ाकर माताओं को सम्मानित किया।