कानपुर। मेडिकल कॉलेजों में दाखिले को लेकर रविवार को हुए नीट यूजी 2026 (पुनर्परीक्षा) में पेपर को देखकर अभ्यर्थियों के पसीने छूट गए। केमिस्ट्री के सवाल लंबे और चकराने वाले थे, जबकि फिजिक्स के न्यूमेरिकल्स ने उलझाए रखा। छात्र-छात्राओं ने प्रश्न पत्र को पिछली बार से कठिन बताया। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रही। अभ्यर्थियों के कान-नाक की जांच हुई। छात्राओं के बालों को खुलवाकर देखा गया।
शहर के 41 केंद्रों पर पुनर्परीक्षा हुई। कुल 20,505 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,463 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्रों पर एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू हो गई थी, जबकि दोपहर दो बजे होने वाली परीक्षा के लिए डेढ़ बजे गेट बंद कर दिए गए। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिला। चेकिंग प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ा। छात्राओं को बाल खोलकर जांच करानी पड़ी। अभ्यर्थियों के जूते चप्पल, बालियां तक हटवाई गईं। परीक्षा कक्ष में लाइव रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई थी। कई छात्राएं गर्मी और उमस के कारण अस्वस्थ हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देना पड़ा।
-
इस तरह से आए घुमावदार सवाल
अभ्यर्थियों के मुताबिक फिजिक्स में न्यूमेरिकल आधारित सवाल ज्यादा थे, जिनमें समय अधिक लगा। एक प्रश्न में इलेक्ट्रोस्टैटिक्स के तहत चार्ज के बीच बल और पोटेंशियल एनर्जी का संयुक्त कैलकुलेशन पूछा गया, जो मल्टी-स्टेप था। मॉडर्न फिजिक्स से जुड़े प्रश्नों में कॉन्सेप्ट क्लियर न होने पर हल करना मुश्किल था। केमिस्ट्री में ऑर्गेनिक और फिजिकल के मिश्रित सवालों ने उलझाया। एक प्रश्न में रिएक्शन मैकेनिज्म के साथ प्रोडक्ट की स्टेबिलिटी का विश्लेषण पूछा गया। एक अन्य सवाल में केमिकल इक्विलिब्रियम और थर्मोडायनामिक्स को जोड़कर प्रश्न आया था।
दो अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटी
फर्रुखाबाद से पहले गुजैनी गांव अपने घर आने वाली शगुन का सेंटर सुभाष स्मारक इंटर कॉलेज में था। घर से सेंटर पहुंचने में तीन मिनट की देरी हो गई। केंद्र का गेट बंद हो गया। छात्रा काफी रोती रही, लेकिन गेट नहीं खुला। गुजैनी से आने वाले सारस्वत भी देर से पहुंचे, उनको भी पेपर नहीं देने को मिला। वहीं एक केंद्र में पैर पर प्लास्टर चढ़ाकर पहुंचे सुधीर चंद्र की गहनता से जांच हुई। पैर पर टेप बांधने के बाद ही उन्हें जाने दिया गया।
-
बोले परीक्षार्थी
बेहद कठिन पेपर था, केमिस्ट्री का पेपर बहुत टफ आया। सवालों को इतना घुमाकर पूछा गया था कि कुछ समझ नहीं आया। -श्वेता, पनकी
मुझे तो फिजिक्स और केमिस्ट्री काफी कठिन लगी। पेपर देखकर सिर चकरा गया। कुछ सवाल की उन्हें पहली बार जानकारी हुई। -अंशिका, आंबेडकर नगर
फिजिक्स बेहद कठिन थी। इस बार सख्ती भी काफी थी। हालांकि चेकिंग के नाम पर 15 मिनट अतिरिक्त दिए गए। -आस्था, मैनपुरी
पिछली बार का पेपर काफी आसान था, लेकिन इस बार तो पेपर देखकर ही पसीने छूट गए। सवालों को समझने में समय लगा। आदित्य, अयोध्या