हरदोई। प्राथमिक विद्यालय मानपुर में बच्चों की कम उपस्थिति और कमजोर शैक्षिक स्तर पर सीडीओ सान्या छाबड़ा ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बीएसए को इंचार्ज प्रधानाध्यापक को आरोप पत्र दिए जाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पशु आश्रयस्थल का निरीक्षण किया। पशु आश्रयस्थल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
सीडीओ ने शुक्रवार को बावन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मानपुर ब्लाक का निरीक्षण किया। हैंडवाश यूनिट में टोटी न होने, शौचालय में रनिंग वाटर आपूर्ति न होने और मेन्यू के अनुसार एमडीएम न बनवाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। पंजीकृत 97 में से 51 बच्चे उपस्थित थे। कक्षा-कक्ष में ग्रीन बोर्ड नहीं थे। उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक अभिनव सिंह के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के साथ ही आरोप पत्र जारी करने के बीएसए को निर्देश दिए। कक्षा चार के बच्चे हिंदी भी सही से नहीं पढ़ पाए।
सभी शिक्षकों का वेतन भुगतान रोकते हुए कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।