कानपुर यूनिवर्सिटी के अंर्तगत लॉ कालेजों में चल रही पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में शनिवार को तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा कराई गई। इस दौरान परीक्षाओं का विरोध कर रहे इलाहाबाद दीन दयाल उपाध्याय लॉ कालेज के करीब 500 स्टूडेंटों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। उधर, टीईटी परीक्षा के कारण 2 फरवरी का पेपर अब 11 फरवरी को और 8 फरवरी का पेपर अब 12 फरवरी को कराया जाएगा।
शुक्रवार को दीन दयाल उपाध्याय लॉ कालेज में परीक्षा में 544 परीक्षार्थी बैठे थेे। हंगामे के बाद शनिवार को सिर्फ 44 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। रजिस्टार सैय्यद वकार ने केंद्र से जानकारी ली और परीक्षा छोड़ने वाले परीक्षार्थियों का ब्योरा भी मांगा। उधर, कई केंद्रों में नकलची भी धरे गए। सभी की रिपोर्ट यूनिवर्सिटी भेजी गई है।
वहीं, बीएनडी कालेज के प्राचार्य डॉ. विवेक द्विवेदी ने बताया कि यूनिवर्सिटी के आदेशानुसार 2 फरवरी और 8 फरवरी को होने वाली एलएलबी की परीक्षा में फेरबदल किया गया है।
53 केेंद्रों पर एसएससी की परीक्षा आज
कानपुर। स्टेनोग्राफर ग्रेड सी और डी (एसएससी) की रविवार दोपहर दो से चार बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए शहर में 53 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 22 हजार 214 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए 18 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सभी केंद्रों पर एक-एक कुल 53 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि पांच जोनल मजिस्ट्रेट और चार स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं। परीक्षा केंद्रों, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर फोर्स तैनात रहेगा।
गेट परीक्षा शुरू, रिजल्ट 19 मार्च को
कानपुर। ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) 2016 की ऑनलाइन परीक्षा शनिवार को शुरू हो गई। परीक्षा पीएसआईटी, पीएसआईटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, एआईटीएच, केआईटी, एलन हाउस, कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज और डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजूकेशन सेंटर उन्नाव में दो पालियों में कराई गई।
करीब 20 प्रतिशत स्टूडेंटों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा रविवार को भी होगी। इसके बाद 6 और 7 फरवरी को परीक्षा कराई जाएगी।
परीक्षा के दौैरान स्टूडेंटों के मोबाइल, कैलकुलेटर और बैग कालेज गेट पर रखवाए गए। वहीं, रफ वर्क के लिए पेपर उपलब्ध कराया गया। उधर, गेट की वेबसाइट www.gate.iisc.ernet.in पर दी गई जानकारी के अनुसार रिजल्ट 19 मार्च को घोषित होगा। वेबसाइट पर परीक्षा संबंधी सभी जानकारी अपटेड की गई हैं।
इस परीक्षा में इस बार पेट्रोलियम इंजीनियरिंग सहित 23 पेपर होंगे। इसके जरिए आईआईटी, एनआईटी और अन्य संस्थानों की सीटें भरी जाएंगी। आईआईटी के सहयोग से इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस (आईआईएसई) बंगलूरू परीक्षा करा रहा है। मुंबई, दिल्ली, गुवाहटी, कानपुर, खड्गपुर, मद्रास और रुड़की के अलग-अलग केंद्रों में यह परीक्षा कराई जा रही है।