रनियां। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर 20 दोपहिया वाहनों के चालान किए। इस दौरान कुछ वाहन चालकों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर क्षेत्र में चेकिंग अभियान और पैदल गश्त की जा रही है। इसी क्रम में मैथा मोड़ पर रनियां पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एसओ सौरभ सिंह और ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों को रोककर जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 20 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए। एसओ सौरभ सिंह ने बताया कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।