कानपुर। सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) के अलग-अलग 20 अफसरों की टीम ने नमकीन कारोबारी के एसबी फूड के तीन प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर लाखों रुपये की कर चोरी पकड़ी है। करीब 10 घंटे तक चली छापे की कार्रवाई में बड़े पैमाने पर दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। फर्म लंबे समय से कर चोरी कर रही थी। रेकी और पिछले सालों के रिटर्नों के मिलान के बाद छापा मारा गया।
टीमों ने शुक्रवार शाम को पनकी और दादानगर स्थित फैक्टरियों में छापा मारा था। साथ ही रतनलालनगर स्थित प्रतिष्ठान पर भी एक साथ कार्रवाई की गई थी। फर्म नौ साल से कारोबार कर रही है। ज्यादातर सप्लाई पूर्वांचल के शहरों में है। टीमों को जांच-पड़ताल में पता चला कि फर्म बड़े पैमाने पर कच्चे पर्चे पर काम कर रही थी। तैयार और कच्चा माल के स्टाक में भी अंतर मिला है जिसे जब्त किया गया है। टीमों ने बड़े स्तर पर दस्तावेजों को जब्त किया है। मिले स्टाक और दस्तावेजों का भी मिलान किया जा रहा है। बताया गया कि शनिवार की सुबह पांच बजे छापा खत्म कर दिया गया है लेकिन आगे की जांच की जा रही है। ब्यूरो