फरीदपुर निटर्रा में खेत तालाब का भूमि पूजन करती सीडीओ।
- फोटो : AKBARPUR
संदलपुर (कानपुर देहात)। सीडीओ सौम्या पांडेय ने शनिवार को संदलपुर ब्लाक के फरीदपुर निर्टरा में खेत तालाब का भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से किसान को 50 प्रतिशत का अंशदान देकर उनकी निजी भूमि पर भूमि संरक्षण विभाग से खेत तालाब का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे किसानों की आय दोगुनी हो सके।
उन्होंने कहा कि जिले में खेत तालाब योजना में नौ किसानों का चयन किया गया है। तालाब निर्माण के लिए किसान को 52 हजार 500 सौ रुपये सरकार अंशदान देती है। इतनी ही धनराशि खेत मालिक को लगाने होंगे। 20 फीट चौड़ा, 22 फीट लंबा व तीन मीटर गहरा तालाब खोदा जाएगा। तालाब में किसान मत्स्य पालन, सिंघाड़े की खेती के साथ जल संरक्षण कर अपनी जमीन की सिंचाई कर आमदनी बढ़ा सकते हैं। कहा कि जिस तरह बाबूलाल प्रगतिशील किसान बने हैं। उनसे प्रेरणा लेकर अन्य किसान भी प्रगतिशील बनकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक स्थिति मजबूत करें। सीडीओ ने बुजुर्ग महिलाओं की पेंशन न बनने की शिकायत पर बीडीओ को संदलपुर गांव में 22 जनवरी को कैंप लगवाकर समस्या निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान सीडीओ ने 25 किसानों को गृह वाटिका बनाने के लिए 50 रुपये टोकन जमा कराकर सब्जी किट वितरित की। जबकि 27 जरूरतमंदों को कंबल बांटे। उन्होंने प्रगतिशील किसान बाबूलाल के फार्म हाउस का निरीक्षण किया। उपकृषि निदेशक विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र, भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार, बीडीओ बब्बन राय आदि मौजूद रहे।