शहर में अब 87 मोबाइल टॉवरों पर हाईटेक पीटीजेड सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के गृह विभाग और एक निजी मोबाइल कंपनी के बीच करार हो गया है। तय हुआ है कि प्रशासन, कंपनी को मोबाइल टॉवर लगाने के लिए मुफ्त जगह देगा और बदले में कंपनी हर मोबाइल टॉवर पर हाईटेक दो मोबाइल कैमरे लगाएगी। इन कैमरों को अत्याधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
कंट्रोल रूम ऑपरेटर कैमरों के जरिए इलाके पर नजर रखेंगे। इससे अपराध और अपराधियों पर काबू पाने में भी मदद मिलेगी। प्रदेश में रिलायंस जीओ से जुड़ी मेसर्स इंफोटेल ब्राड बैंड लिमिटेड ने गृह विभाग से करार किया है। यह कंपनी अपना नेटवर्क सभी जिलों से फैलाने की तैयारी में है। कंपनी के प्रदेश के गृह विभाग से हुए करार में तय हुआ है कि हर जिले में प्रशासन कंपनी को टॉवर लगाने के लिए मुफ्त जगह देगा।
जिन जगहों पर जिले के पुलिस कप्तान बताएंगे वहां टॉवर पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एसपी कंट्रोल रूम अनिल कुमार ने बताया कि मोबाइल कंपनी कानपुर नगरीय क्षेत्र में 87 स्थानों पर टॉवर लगाएगी। इसके लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। मिश्रित आबादी, विवाद वाले और भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से युक्त टॉवर लगाए जाने की कोशिश होगी। इन कैमरों का कनेक्शन पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
इसके लिए कंपनी 4 जी कनेक्शन के साथ फाइबर ऑप्टिकल लाइन भी बिछाएगी लेकिन नेट कनेक्शन का पुलिस को कोई शुल्क नहीं देना होगा। प्रतिबंधित क्षेत्रों और संस्थानों के आसपास टॉवर लगाए जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से लैस टॉवर लगने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम का विस्तार करने की जरूरत होगी। इसकी कवायद भी शुरू हो गई है।