हमीरपुर में खनन घोटाले की जांच में जुटी सीबीआई टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है। सीबीआई की नोटिस के बाद भी बयान दर्ज कराने के लिए मौरंग कारोबार से जुड़े रहे ज्यादातर कारोबारी पेश नहीं हो रहे हैं। ऐसे में सोमवार को सीबीआई का एक अधिकारी गार्डों के साथ सपा एमएलसी रमेश मिश्रा के मुनीम व खनिज विभाग के सेवानिवृत्त लिपिक को घर से उठाकर कैंप कार्यालय लाई।
जहां दोनों से कई घंटे तक पूछताछ की गई। वन विभाग में वर्ष 2010 में सरीला के सेवानिवृत्त रेंजर, वन विभाग के एसडीओ व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के मुनीम रहे जितेंद्र पांडेय को भी तलब कर सीबीआई ने पूछताछ की है। मुख्यालय स्थित मौदहा बांध निर्माण खंड के निरीक्षण भवन में रुकी सीबीआई टीम सोमवार को सपा एमएलसी रमेश मिश्रा के मुनीम बाबू नारायण कुशवाहा के रमेड़ी मोहल्ला स्थित आवास और खनिज विभाग के सेवानिवृत्त लिपिक रामआसरे को भी घर पहुंची।