कानपुर। कल्याणपुर क्राॅसिंग के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में फाइबर प्लेट फंसाकर ग्राहक के बैंक खाते से रुपये हड़पने का प्रयास किया गया। पीड़ित की सूचना पर आई पुलिस ने एटीएम में फंसी प्लेट हटवाकर पीड़ित को रुपये दिलवाए, जिसके बाद वह बिना किसी शिकायत के ही चले गए।
कल्याणपुर क्राॅसिंग के सामने बने पिलर नंबर 40 और 41 के बीच आईसीआईसीआई बैंक की आजादनगर शाखा का एटीएम लगा है। मंधना निवासी मनोज सिंह प्राइवेट कर्मी हैं। मनोज ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। प्रक्रिया पूरी करने के बाद रुपये गिनने की मशीन से आवाज आई लेकिन डिस्पैच ट्रे का शटर नहीं खुला।
मनोज बाहर निकले तो पास की दुकानदार महिला ने उन्हें बताया कि कुछ देर पहले ऐसा ही दो अन्य लोगों के साथ भी हुआ था। महिला ने दोनों के जाने के बाद एक हरी टीशर्ट पहने युवक के आकर चाभी से एटीएम का निचला हिस्सा खोलकर रुपये निकाले की जानकारी दी। यह सुनकर मनोज को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिसकर्मियों ने एटीएम के सफाईकर्मी को बुलाकर पूछताछ की तो उसने प्लेट फंसी होने की पुष्टि की। पुलिसकर्मियों ने प्लेट हटवाकर अंदर फंसे 10 हजार रुपये निकाल कर मनोज को दिए।
कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक का पैसा निकलवाकर दे दिया गया। बैंक या उनके ग्राहक की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। आने पर कार्रवाई की जाएगी।
मशीन से छेड़छाड़ के बाद भी नहीं बजा सायरन
मशीन में प्लेट फंसाने के खेल में बैंक या रुपये भरने वाली एजेंसी के किसी जानकार व्यक्ति के शामिल होने का अंदेशा है। फंसे रुपये निकालने की जद्दोजहद में पुलिस कर्मियाें ने कई बार मशीन को हिलाया और उससे छेड़छाड़ की लेकिन एटीएम, बैंक शाखा या मुख्यालय में लगा सायरन तक नहीं बजा। किदवईनगर पुलिस ने दो माह पहले इसी तरह से रुपये हड़पने वालों को पकड़ा था तो 1.39 करोड़ की ठगी का खुलासा हुआ था।