स्कूल में बंद अन्ना जानवरों को निकालती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज के एक गांव में घूमने वाले अन्ना मवेशियों से परेशान ग्रामीणों ने इन्हें विद्यालय में बंद कर दिया। बाहर से ताला लगा दिया। इससे विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित हो गया। पुलिस व ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों को शांत किया। तब कहीं तीन घंटे बाद पढ़ाई लिखाई शुरू हो सकी।
ग्रामसभा जोगनीपुरवा में अन्ना मवेशियों से लोग परेशान हैं। यह ग्रामीणों पर हमला कर देते हैं। फसलों में भी नुकसान करते हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया। सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को ग्रामीणों ने मवेशियों को प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बंद कर दिया।
बाहर से ताला लगा दिया। गांव की महिलाएं व पुरुष नारेबाजी करने लगे। बच्चे व अध्यापक यह नजारा देखकर सहम गए। अध्यापकों ने मामले की जानकारी अधिकारियों व प्रधान पति राजेश सिंह को दी। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर ताला खोलने के लिए कहा।
इस पर ग्रामीण तैयार नहीं हुए। इस बीच चौकी इंचार्ज संजय यादव भी पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की। चौकी इंचार्ज ने समस्या का निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। उन्होंने ताला खोलकर मवेशी मुक्त कर दिए।
शीघ्र पूरा कराया जाएगा गोशाला का निर्माण
ग्राम प्रधान पति राजेश सिंह शाक्य ने बताया कि गोशाला निर्माण के लिए शासन से धनराशि मिल गई है। गांव में गोशाला निर्माण शुरू करवा दिया गया है। दूसरी किस्त मिलते ही निर्माण कार्य को पूरा करा लिया जाएगा। गांव के अन्ना मवेशियों को गोशाला में रखा जाएगा।
गोशाला में गाय की मौत
सौरिख क्षेत्र के ग्राम अल्हादादपुर में संचालित गोशाला में एक गाय की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गाय की मौत समय पर चारा न मिलने से हुई है। इससे पहले भी बीमारी के चलते यहां दो गायों की मौत हो चुकी है। इस संबंध में ग्राम प्रधान दिनेश पाल व सचिव प्रेमचंद्र ने बताया कि गोशाला में 16 मवेशी हैं। इनके लिए पर्याप्त मात्रा में चारे व भूसा की व्यवस्था है। भूख व बीमारी से गायों की मौत का आरोप बेबुनियाद है।