सौरिख। थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित फल की आढ़त को मंगलवार की देर रात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने तिजोरी तोड़कर 2.80 लाख रुपये पार कर दिए। सुबह दुकान पर पहुंचे आढ़ती को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
कस्बे में नादेमऊ चौराहा के पास स्थित हमजा मोबाइल की दुकान के बेसमेंट में शादाब अली तथा नवाजिश अली संयुक्त फल की आढ़त है। रात में शादाब और नवाजिश दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने रॉड से शटर उठाया और दुकान में दाखिल तिजोरी तोड़ दी। इसके बाद उसमें रखे 2.80 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। नवाजिश अपनी आढ़त पर पहुंचे तो उन्होंने दुकान का शटर उठा देखा और तिजोरी टूटी मिली।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखे। फुटेज में दो नकाबपोश युवक रात 11 बजे दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसते और 11.40 बजे बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि दुकानदार ने प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। फिर भी सीसीटीवी को देखकर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।