बिल्हौर (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर चौकी अंतर्गत कन्नौज जनपदीय सीमा के समीप शुक्रवार देर रात चकरपुर मंडी से घर लौट रहे किसान से लुटेरों ने 45 हजार रुपये नगद और ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली और फिर किसान के हाथ-पौर बांधकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। सुबह होने पर ग्रामीणों ने किसान को कोतवाली पहुंचाया। किसान की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट पंजीकृत कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर बिल्हौर संतोष सिंह ने बताया कि कन्नौज जनपद के बल्लेपुरवा, ठठिया निवासी श्यामजी ने बताया कि शुक्रवार देर रात उसका भाई रामजी चकरपुर मंडी कानपुर से आलू बिक्री कर ट्रैक्टर-ट्राली से घर आ रहा था। रात करीब 11 बजे मकनपुर-ठठिया मार्ग पर एचपी पंप के करीब आधा दर्जन लुटेरों ने लाठी-डंडों और तमंचों के बल पर ट्रैक्टर रुकवा लिया और भाई की जेब से 45 हजार रुपये लूटकर रस्सी से हाथ-पैर बांध कर ट्राली में डाल लिया।
फिर सुनसान जगह पर लुटेरों ने उसके भाई को चलती गाड़ी से ही सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। सुबह होने पर ग्रामीणों ने उसके हाथ-पैर खोले और कोतवाली पहुंचाया। जिसके बाद रामजी ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, फिर बिल्हौर कोतवाली आकर रिपोर्ट पंजीकृत कराई। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट पंजीकृत कर ली गई है, जनपदीय बार्डर होने के कारण कन्नौज पुलिस के साथ मिलकर जांच पड़ताल आरंभ की गई है। मालूम रहे कि इससे पहले भी विषधन कस्बे में ट्रैक्टर लूट की घटना हो चुकी है। देर रात इंस्पेक्टर सिंह ने बताया कि लूटी गई ट्रैक्टर-ट्राली औरैया जनपद के सहार क्षेत्र में खड़ी मिली है।