कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के बरार में शनिवार रात एक ग्रामीण के घर में छत के रास्ते घुसे चोर ने कमरे में रखी अलमारी से नकदी समेत जेवर समेट लिए। आहट सुनकर गृहस्वामी जागे व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से ऑटो सवार संदिग्ध को देखा। उसे पनकी थाना क्षेत्र में घेर लिया। पुलिस को देखकर चालक ऑटो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने चोरी हुआ सामान बरामद कर गृहस्वामी को सौंप दिया।
बरार निवासी कालिका प्रसाद ने बताया कि देर रात छत के रास्ते घर में घुसा चोर कमरों में रखी 37000 की नकदी व लाखों के जेवर उठा ले गया। आहट होने पर उन्होंने डायल 112 टीम को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें पीले कलर का संदिग्ध ऑटो दिखाई दिया। कानपुर नगर के पनकी थाना क्षेत्र में शिवली पुलिस ने ऑटो की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देख ऑटो छोड़कर चालक नाले में कूदकर भाग गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेकर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया। बाघपुर चौकी प्रभारी सनद कुमार ने बताया कि चोरी हुआ सामान पीड़ित को सुपुर्द कर दिया गया है। ऑटो कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।