कानपुर देहता। परिजनों संग कुंभ स्नान करने गए सराफा व्यापारी के बंद मकान को निशाना बनाकर चोर नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। मंगलवार तड़के घर लौटे व्यापारी ने ताले टूटे देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एएसपी, सीओ ने घटना स्थल की छानबीन की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाशों की हरकत कैद हुई है।
कन्हैयानगर निवासी सराफा व्यापारी रमाकांत गुप्ता की कस्बे में सराफा की दुकान है, जबकि उनका बेटा कपिल गुप्ता मोहल्ले में ही सराफा व बर्तन की दुकान किए है। रविवार को व्यापारी रमाकांत गुप्ता, पत्नी अनीता व बेटे कपिल और बेटे के दोस्त अक्षय निवासी माती रोड अकबरपुर के साथ कुंभ स्नान करने के लिए प्रयागराज गए थे। सोमवार रात को घर में घुसे चोर कमरों में रखी नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। मंगलवार तड़के तीन बजे घर लौटे व्यापारी ने घर के मेन गेट व कमरों के ताले टूटे व सामान गायब देख घटना की जानकारी पुलिस को दी।
एएसपी राजेश पांडेय, सीओ सदर प्रिया सिंह, थाना प्रभारी सतीश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल पर जांच पड़ताल कर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। व्यापारी रमाकांत ने बताया कि चोर सात लाख रुपये नकदी, दोनों दुकानों व पत्नी जेवरात चोरी कर ले गए हैं। थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन शातिरों की संदिग्ध गतिविधि दिखी है। शातिरों के चेहरे प्रमाणित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
.....................
प्रथम तल पर कुछ न मिलने पर तोड़ा मेनगेट का ताला
सराफा व्यापारी के घर सोमवार रात को चोर पहले घर के पिछले हिस्से से छत पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने छत पर बने कमरे का गेट तोड़ दिया। चोरों को कमरे में कुछ नहीं मिला तो वह वापस नीचे उतरे और मेनगेट व गैलरी का ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरों के लगे तालों को तोड़कर अल्मारी और बक्सों में रखी नकदी चोरी कर ली।