क्वारंटीन सेंटर से भागी थी संवासिनियां
- फोटो : amar ujala
कानपुर के पनकी स्थित क्वारंटीन सेंटर केडीए ड्रीम्स से दो संवासिनी के भागने के मामले में एसएसपी ने शनिवार रात एक सिपाही को निलंबित कर दिया है। चार सिपाहियों को ड्यूटी से हटाया और एक दरोगा को चेतावनी दी गई।
जांच अधिकारी ने दो होमगार्ड को डिलिस्ट कर कार्रवाई के लिए कमांडेंट को रिपोर्ट भेजी है। अब सेंटर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा की जिम्मेदारी थानेदार को सौंपी गई है। गुरुवार सुबह क्वारंटीन सेंटर से दो संवासिनी फरार हो गई थीं।
कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने सेंटर के पास से ही पकड़ लिया था। मामले में पुलिस ने फर्रुखाबाद निवासी रंजीत चक, प्रताप सिंह और पूती पाल को संवासिनी को भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। तीनों शनिवार को जेल भेजे गए।
जांच के बाद एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात सिपाही अजय कुमार को निलंबित कर दिया। वहीं दरोगा शुभम यादव को व्यक्तिगत पत्रावली में चेतावनी दी। इसके अलावा सिपाही अवधेश कुमार, सोनी यादव, सानिया और शीतू सिंह को ड्यूटी से हटाकर अर्दली रूम भेजा गया है। वहीं एसएसपी ने दो होमगार्ड बृजभान और अजय पाल को डिलिस्ट कर दिया है। साथ ही ड्यूटी से हटा दिया गया है।