कानपुर में नवाबगंज थाना क्षेत्र के उजियारी पुरवा गांव में मंदिर के अंदर पंचायत चुनाव की रंजिश में दो भाजपा समर्थक युवकों की नृशंस हत्या के मामले में आरोपी और 25000 रुपए के इनामी शुभम ने गुरुवार सुबह विशेष न्यायाधीश एससी एसटी डॉ. कपिला राघव की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस लगातार शुभम और एक अन्य फरार अपराधी विशाल की तलाश में दबिश डाल रही थी। उनके कई रिश्तेदारों को भी उठाया गया था। जिसके बाद गुरुवार को करीब 12 वकीलों के साथ पुलिस की आंख में धूल झोंक कर शुभम अपने अधिवक्ता विवेक मेहरोत्रा के माध्यम से कोर्ट में पेश हो गया। लाख कोशिशों के बावजूद पुलिस और एलआईयू को उसकी भनक तक नहीं लग सकी।