एफजीएम के समझाने पर ग्राहकों ने अपने लॉकर चेक किए। अपना लॉकर चेक करने आए ज्यादातर ग्राहक बदहवास से थे। उनमें डर के साथ ही बैंक की कार्य प्रणाली को लेकर गुस्सा भी था। ग्राहकों का कहना था कि शाखा की लॉकरों में रखी पूंजी पीढ़ियों पुरानी है। यदि लॉकर में रखा सामान सुरक्षित नहीं रहेगा तो कोई लॉकर में सामान क्यों रखेगा। इस दौरान कानपुर कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ गुप्ता के अलावा मीनाक्षी, पंकज मल्होत्रा, पंकज गुप्ता, वैभव, अतुल कुमार, जितेंद्र समेत 25 से ज्यादा लोग थे।
इन महिलाओं ने सबसे पहले चेक किए लॉकर
करीब 10 महीने पहले लॉकर लिया था। बैंक शाखा में लॉकरों से जेवरात और सामान गायब होने के बाद लॉकर चेक करने आईं हूं। लॉकर चेक करके देखा। सारा सामान सुरक्षित था। जो जरूरत का समझा वो निकाल लिया है।- हेमलता चौधरी, निवासी कैंट
बैंक में 1995 से लॉकर है। पिछले साल फरवरी 2021 में लॉकर ऑपरेट किया था। बैंक शाखा से लॉकर में सामान निकलने की जानकारी पर पति के साथ लॉकर चेक किया। लॉकर ऑपरेट किया। सारा सामान सुरक्षित निकला। - अर्चना चौधरी, निवासी लालबंगला
ग्राहक बोले, पीढ़ियों की जमा पूंजी है लॉकरों में
मेरे बड़े भाई शिवशंकर और उनकी पत्नी सीता गुप्ता के बैंक लॉकर से लाखों के जेवरात निकल गए हैं। मेरा भी लॉकर यहां पर है। पिछले 15 साल से लॉकर ले रखा है। दो साल से ऑपरेट नहीं किया है। बड़े भाई के लॉकर से जेवरात निकलने के बाद वो लॉकर चेक करने आए हैं। परिवार में शादी है। जेवरात गायब होने के बाद से भाई की तबीयत खराब हो गई है। वो भर्ती हैं। - विश्वनाथ गुप्ता, ग्राहक और अध्यक्ष कानपुर कपड़ा कमेटी
श्याम नगर में स्कूल संचालित करते हैं। पिता ने यहां पर बैंक लॉकर ले रखा था। उनके देहांत होने के बाद से इसका संचालन कर रहे हैं। लॉकरों से सामान गायब होने से दिल दिमाग काम नहीं कर रहा है। एक भय लगा है कि मेरा सामान सुरक्षित है कि नहीं। - सौरभ जायसवाल, निवासी श्याम नगर
पहले बैंक शाखा के ऊपर बने फ्लैट में रहती थी। कुछ समय पहले ही यहां से शिफ्ट होकर शूटरगंज में रहने लगी हूं। बैंक में पिछले 12 साल से लॉकर ले रखा है। ढाई महीने पहले बैंक में लॉकर ऑपरेट किया था। तब सब सुरक्षित था। अब तो बहुत डर लग रहा है।- कृष्णा सोनी, निवासी शूटरगंज
नंबर गेम
1141 लॉकर हैं सेंट्रल बैंक की कराची खाना शाखा में
507 लॉकर बैंक ने रेंट पर ग्राहकों को दे रखा है
160 लॉकर अब तक ग्राहक खुद चेक कर चुके हैं