कानपुर में पार्षदों और मेयर के बीच के मामले में बात आगे बढ़ती जा रही है। पार्टी स्तर से और सरकार के स्तर पर यह मामला चर्चा में आ गया है। शनिवार को पार्षद दल के नेता महेंद्र शुक्ला दद्दा की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को मामले से जुड़ी शिकायती चिट्ठी भेजी है।
शनिवार को दोपहर बाद नगर निगम परिसर में फिर यह चर्चा उठी कि दूसरे गुट से जुड़े कुछ पार्षद मेयर के बेटे के साथ गेस्ट हाउस में बैठक कर रहे हैं। इस संबंध में जब दूसरे पक्ष से बात की गई तो बताया कि गेस्ट हाउस में ऐसी कोई बैठक नहीं हुई।
बताया कि ऐसे ही कुछ लोग मिलने के लिए आए थे। इधर पार्टी स्तर से भी मामले की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश इकाई को भेज दी गई है। पता चला है कि जल्द ही दोनों पक्षों के लोगों को पार्टी के सामने अपनी सफाई के लिए बुलाया जाएगा। इसी तरह विभागीय स्तर से भी नगर विकास मंत्री की तरफ से नगर आयुक्त से भी इस मामले की रिपोर्ट लेने की बात कही गई है।