बांदा जिले के नरैनी में हत्यारोपी ने धारदार हथियार से एक-एक वार में पुत्र और बहू को मौत के घाट उतार दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पुत्र की दाहिनी कनपटी और महिला के गले में वार करके मौत के घाट उतारा गया था। पुलिस की दो टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं। पुलिस ने गुरुवार को गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से दोबारा पूछताछ की है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर गांव में मंगलवार रात खलिहान में सो रहे मन्नूलाल राजपूत (38) और घर के आंगन में सो रही उसकी पत्नी चुन्नीदेवी (35) की मन्नूलाल के पिता देशराज ने नुकीले सब्बल से वारकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह परिजनों ने जमीन और घरेलू कलह बताई थी। 16 बीघा जमीन में 12 बीघा जमीन पिता से मृतक मन्नूलाल लेना चाहता था। पिता उसे आधी जमीन देने को ही तैयार था।