इटावा। पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार किसान की मौत के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों ने गांव के ही लोगों पर रंजिशन टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
भरथना कोतवाली क्षेत्र के सरायचौरी गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे पिकअप ने स्कूटी सवार बकेवर के गांव कुशगवां अहिरान गांव निवासी अमर सिंह (65) को टक्कर मार दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जानकारी पर पहुंचे परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई थी। किसान के छोटे पुत्र राहुल कुमार ने गांव के पांच लोगों पर रंजिशन टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया था और भरथना पुलिस को तहरीर दी थी।
तहरीर में राहुल ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे गांव में रहने वाले आरोपी बिना नंबर वाली पिकअप में भूसा लेकर जा रहे थे। इसी बीच आरोपियों की पिकअप उनके दरवाजे पर खड़े एक पेड़ की टहनी में उलझ कर फंस गई। इस पर पिता अमर सिंह ने पिकअप चालक को सही से चलाने की सलाह दी थी। इस पर चालक समेत गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज कर देख लेने की धमकी दी थी।
इसके कुछ देर बाद पिता जब खेत से स्कूटी से लौट रहे थे, तभी रंजिशन पिता की स्कूटी में पीछे से पिकअप से टक्कर मारकर उनकी हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सचिन यादव, ध्यान सिंह, अनिल, नीरज व अमोल निवासी सरायचौरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।