व्यापारी नेताओं ने चौकी का घेराव कर हंगामा किया
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में चकेरी की कृष्णा नगर चौकी पुलिस लॉकडाउन के दौरान दुकानें खोलने वाले व्यापारियों का चालान करने के बजाय उनपर अत्याचार कर रही है। किसी को डंडों से पीटा जा रहा है तो किसी को बेल्टों से। सब्जी और दूध ब्रेड बेचने वाले दुकानदारों को पीटा जा रहा है।
इसी पिटाई के विरोध में बुधवार को चौकी में व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। चौकी इंचार्ज और व्यापारी नेताओं की तीखी झड़प हुई। दुकानदार की पिटाई की जानकारी पर चौकी में पहुंचे आदर्श व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेश वर्मा, पंकज शुक्ला और चौकी इंचार्ज आरजे सिंह गौतम के बीच तीखी झड़प हुई।
पीएसी रोड जीटी रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महामंत्री सत्येंद्र मिश्रा ने दुकान खोलने पर मारपीट के बजाए नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान उमेश वर्मा, शिवांशु वर्मा ,कमल सोनी, मयंक सोनी आदि व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने पुलिस पर पैसे लेकर दुकान खुलवाने का आरोप भी लगाया।