असम की मॉडल से दुष्कर्म का मामला
- फोटो : अमर उजाला
असम की मॉडल से दुष्कर्म के प्रयास का मुख्य आरोपी कानपुर क्लब का पूर्व डायरेक्टर अमित अग्रवाल चार महीने बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। अब आरोपी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई है। हाईकोर्ट ने इस संबंध में ग्वालटोली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।
असम की एक मॉडल बिठूर स्थित जंगल वाटर पार्क में हुई होली पार्टी में शामिल हुई थी। 15 मार्च को ग्वालटोली स्थित समीर अग्रवाल के कब्जाए गए बीआईसी बंगले में अमित अग्रवाल, उसके साथी सक्षम साहू, इकबाल और ड्राइवर मनोज पांडेय ने मॉडल के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था।
पुलिस ने इन सभी के खिलाफ रिपोर्टर दर्ज की थी। अमित के अलावा सभी आरोपी जेल में हैं। ग्वालटोली इंस्पेक्टर विजय शंकर पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनबीडब्ल्यू के अलावा कुर्की का नोटिस चस्पा किया जा चुका है। अमित ने अग्रिम जमानत याचिका डाली है। इससे संबंधित नोटिस हाईकोर्ट से मिला है। सुनवाई पर पुलिस अपना पक्ष रखेगी।
थाने लाकर छोड़ दिया था अमित को
वारदात के तुरंत बाद ग्वालटोली पुलिस अमित को थाने लेकर आई थी। कुछ ही देर बाद छोड़ दिया था। हैरानी की बात है कि अमित शहर में ही घूम रहा है। आरोप है कि पुलिस उसे बचाने में जुटी है। हालांकि एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि अमित की तलाश लगातार जारी है। गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।