उन्नाव में अचलगंज थाना क्षेत्र के तारगांव में गुरुवार देर रात प्रधानी चुनाव की रंजिश में प्रधान प्रतिनिधि के भांजे व दो अन्य पर जानलेवा हमले की घटना हुई थी। इसमें घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने 6 लोगों पर बलवा, हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
फरार हुए दो लोगों की पुलिस तलाश कर रही है। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह सीओ बीघापुर में मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली है। थाना क्षेत्र के तारगांव में गुरुवार रात प्रधान सोहन के प्रतिनिधि सोमानी सिंह का भांजा गोलू सिंह अपने दोस्त हर्षित चौधरी व नारेंद्र सिंह के साथ क्रिकेट खेलकर देर शाम घर लौट रहा था।
पूर्व में प्रधानी चुनाव लड़ चुके राजकुमार सिंह ने सोमानी सिंह से प्रधानी की खुन्नस में अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसके भांजे गोलू व दो दोस्तों को रोक लिया और मारपीट की। आरोप है कि गोलू को हमलावर पक्ष खींचकर अपने घर ले गए और बंधक बनाकर बेल्टों से पीटा और फायरिंग भी की।
पुलिस ने रात में ही राजकुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया था। हर्षित चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने राजकुमार सिंह, बिंदी, योगेंद्र सिंह, नारेंद्र सिंह, नकारे सिंह, व अमरेंद्र सिंह के खिलाफ बलवा, मारपीट, हत्या का प्रयास, गाली-गलौज व दलित एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
फरार नकारे सिंह व अमरेंद्र सिंह की तलाश की जा रही है। शुक्रवार को सीओ बीघापुर एके राय व थाना प्रभारी डीपी सिंह ने गांव पहुंच पीड़ित पक्ष व ग्रामीणों से घटना की जानकारी दी। सीओ ने बताया कि गांव के लोगों ने फायरिंग की पुष्टि की है। फायरिंग किस पक्ष से हुई इसकी जांच की जा रही है।
दूसरे दिन गांव में तैनात रही पुलिस
तारगांव में गुुुरुवार रात मारपीट और फायरिंग की घटना में शुक्रवार को एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा। गुरुवार को घटना की सूचना पर दारोगाखेड़ा पुलिस चौकी के सिपाही दिनेश व अखिलेश मिश्र बिना रायफल मौके पर पहुंचे थे। एसओ डीपी सिंह दोनों को कड़ी फटकार लगाई थी। शुक्रवार को दोनों पुलिस कर्मी रायफल के साथ गांव में मुस्तैद रहे।