रसूलाबाद। दीपावली वाले दिन रसूलाबाद कस्बे में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
रसूलाबाद थाने के उप निरीक्षक शिशु पाल सिंह ने लोहिया नगर निवासी दिलशाद उर्फ शाका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बताया कि 12 नवंबर की शाम छह बजे के करीब दिलशाद उर्फ शाका अपने पुत्र सूफियान के साथ एक थैले में पटाखा सामग्री लेकर चौराहे की ओर पैदल जा रहा था। पालीवाल मार्केट के निकट पक्की सड़क पर झोला गिर गया। जिससे विस्फोट हो गया और सूफियान की मौत हो गई। इस विस्फोट में हर्षित चंदेल (18) पुत्र शिवराम निवासी लोहिया नगर, रंजीत सिंह (35) पुत्र हरिनारायण निवास केशव नगर, हिमांशु (18) पुत्र राजू सविता निवासी लोहिया नगर, दीपक यादव (28) पुत्र रामकिशोर निवासी पालनगर गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिनका इलाज कानपुर में हो रहा है। पुलिस ने दिलशाद उर्फ शाखा पर विस्फोटक अधिनियम, उपेक्षा पूर्वक बरती गई लापरवाही से बेटे की जान जाने के मामले में धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शाका को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए पिता से पूछताछ की जा रही है।
एटीएस जांच के बाद पुलिस ने ली राहत
दीपावली वाले दिन भीड़ भाड़ के बीच पटाखे के झोले में विस्फोट होने से सूफियान (12) पुत्र दिलशाद उर्फ शाका की मौत हो गई थी। जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस मामले में पुलिस के साथ एटीएस टीम ने कई बिंदुओं पर जांच की। एटीएस जांच में पटाखे का विस्फोटक पाए जाने के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों ने राहत ली। जबकि घटना के बाद से लोग संदिग्ध गतिविधियां होने को लेकर तरह तरह की अटकलें लगा रहे थे।