यूपी के महोबा जिले में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिकहरा में तीन दिन पहले महिला की आग से जलकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पति समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतका के पिता ने बाइक की मांग पूरी न करने पर पुत्री को प्रताड़ित करने और केरोसिन डालकर आग से जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
जनपद झांसी के थाना गुरसराय के ग्राम पुरैनिया निवासी कोमल सिंह पुत्र बाबूलाल ने अपनी पुत्री रचना की शादी छह वर्ष पहले महोबा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिकहरा निवासी बब्बू पुत्र मोहनलाल के साथ की थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दान दिया गया था लेकिन शादी के बाद से ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करने लगे। यह बात रचना ने अपने भाई व पिता को बताई। चार मई को रचना घर में संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां से डॉक्टरों ने झांसी रेफर कर दिया। झांसी के बाद ग्वालियर में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।