कानपुर। हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट ने धोखाधड़ी कर बैंक से लोन लेने का आरोप लगा बैंक मैनेजर समेत आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। श्यामनगर निवासी सीए अजय कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि घसियारी मंडी कैनाल रोड में उनका भूतल पर फ्लैट है। तकरीबन 30.47 वर्गमीटर एक फ्लैट 2006 में रामकिशन गुप्ता से खरीदा था। इसमें चार तल हैं। रामकिशन पूर्व में द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ तल बेच चुका है। कुछ माह पहले पता चला कि रामकिशन के बेटे संजय कुमार गुप्ता ने इलाहाबाद बैंक से पूरे जमीन और मकान के नाम पर 40 लाख का लोन 2014 में लिया था। बैंक ने रिकवरी के लिए मई 2023 में पूरे मकान का कब्जा लेने का नोटिस चस्पा कर दिया। लोन के समय रामकिशन उनकी पत्नी रुकमनी और संदीप गुप्ता गारंटर थे। रामकिशन ने घसियारी मंडी में बने पूरे मकान और जमीन को इस लोन के बदले प्रतिभूति रूप में बैंक को दे दिया जबकि इसके चारों तलों को पहले ही बेच चुका था। रामकिशन ने भवन और जमीन में केवल कुछ भाग के मालिक होते हुए बैंक अधिकारियों से सांठगांठ करते हुए धोखाधड़ी की। हरबंश मोहाल इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि तहरीर पर लोनकर्ता संजय गुप्ता, गारंटर और प्रतिभूति रामकिशन, गारंटर रुकमनी, संदीप, बैंक मैनेजर, बैक वैलूवर, बैक लीगल अधिकारी, बैंक के जांच अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)