लखनऊ से घर लौट रहे थे चार दोस्त
बांगरमऊ कस्बा निवासी मृतक आदर्श (26) पुत्र संजय शुक्ला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। पिता संजय शुक्ला ने बताया कि बुधवार को आदर्श अपने साथी अंकित, हिमांशु और चंदन के साथ किसी काम से कार से लखनऊ गए थे। देर रात करीब 2:30 बजे सभी दोस्त कार से वापस बांगरमऊ लौट रहे थे।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
जैसे ही कार एक्सप्रेसवे पर पिलखना गांव के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में आदर्श की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अंकित, हिमांशु और चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की गश्ती टीम और एम्बुलेंस ने घायलों को तुरंत पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
पुलिस का बयान
हसनगंज कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि देर रात कार के ट्रक में पीछे से टकराने की सूचना मिली थी। हादसे में एक युवक की मौत हुई है और तीन घायल हैं। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाकर रेवरी टोल प्लाजा के पास खड़ा कराया गया है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।