नोट बंदी की मार के आगे कार बाजार नतमस्तक होने को मजबूर है। अपना बिजनेस बचाने के लिए वाहन कंपनियां तमाम तिकड़म भिड़ा रही है। पूरे भारत की ऑटो मार्केट नई-नई स्कीम निकाल ला रही है। कंपनियों ने ग्राहकों के सामने जीरो डाउन पेमेंट पर वाहन खरीदने का ऑफर दिया है। कार-बाइक एजेंसियों ने बैंकों के साथ मिलकर फाइनेंस की सुविधा उपलब्ध कराई है। कुछ कंपनियां अभी वाहन खरीदने और ईएमआई जनवरी और फरवरी से लेने का लुभावना ऑफर दिया है। फ्री इंश्योरेंस, अतिरिक्त वारंटी, जीरो प्रोसेसिंग फीस और आकर्षक कैश बेनीफिट जैसे ऑफरों की भरमार है। ग्राहकों से कैश नहीं लिया जा रहा है। अब डिमांड ड्राफ्ट या फिर चेक से भुगतान स्वीकार किए जा रहे हैं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की एजेंसी श्री तिरुपति मोटर्स और श्री तिरुपति आटो की सेल गिरी है। एजेंसी के निदेशक नितिन गुप्ता का कहना है कि स्कार्पियो, बोलेरो, एक्सयूवी के अलावा दोपहिया वाहन जीरो डाउन पेमेंट पर खरीदे जा सकते हैं। पुष्प होंडा ने भी फाइनेंस की सुविधा उपलब्ध कराई है। एजेंसी संचालक का कहना है कि बिक्री गिरी है।
वाहनों की सर्विसिंग कराने वाले नहीं आ रहे हैं। भुगतान डिमांड ड्राफ्ट और चेक से लिया जा रहा है। बजाज की बाइकों पर जीरो डाउन पेमेंट के अलावा क्रेडिट कार्ड, चेक या फिर नेट बैंकिंग से वाहन खरीदने की सुविधा दी गई है। टाटा ने कुछ वाहनों को सिर्फ एक रुपये के डाउन पेमेंट पर देने का फैसला किया है। साथ ही इक्वेटेड मंथली इंस्टालमेंट (ईएमआई) की पहली किश्त फरवरी 2017 से लेने का ऑफर दिया। सेवरोलेट ने ऑनरोड 100 फीसदी फाइनेंस कराने की सुविधा दी है। हुंडई की गाड़ियां जीरो डाउन पेमेंट पर मिलेंगी और 100 फीसदी फाइनेंस की सुविधा है। फोर्ड ने भी 100 फीसदी ऑन रोड फंडिंग की व्यवस्था दी है।