कार सवार तीन लोग व डीसीएम चालक-क्लीनर घायल
यूपी के कन्नौज जिले में एक्सप्रेस-वे पर खड़ी डीसीएम में पीछे से आ रही कार घुस गई। हादसे में कार सवार तीन लोग व डीसीएम चालक-क्लीनर घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मोहम्मदाबाद निवासी मुस्ताक पुत्र जुम्मन व क्लीनर सुहोल, बिहार निवासी गणेश कुमार पुत्र जागेश्वर डीसीएम लेकर आगरा जा रहे थे। थाना ठठिया क्षेत्र के सिकरोरी गांव के पास डीसीएम का पहिया पंचर हो गया। पंचर पहिया को चालक व क्लीनर सही करने लगे।
इसी दौरान लखनऊ से देहरादून कार से जा रहे इंद्रानगर लखनऊ निवासी प्रतुल तिवारी पुत्र अरुण कुमार, हर्षित जायसवाल पुत्र प्रेम जायसवाल व ओमप्रकाश पुत्र गणेश उपाध्याय की कार अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गई।
डीसीएम में टक्कर लगते ही पहिया सही कर रहे चालक व क्लीनर डीसीएम के नीचे दब गए। कार सवार भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।