फर्रुखाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सादिकपुर गांव के मुख्यमार्ग पर भागवत कथा की तैयारियां देख रहे लोगों को रौंद दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि वृद्ध समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार मंच के पास पेड़ में जा घुसी। लोगों ने भाग रहे कार सवार दो लोगों को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया, जबकि चालक भाग गया।
गुस्साए लोगों ने दिल्ली से आ रही रोडवेज बस को रोड पर तिरछा लगाकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद पहुंचे सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह के समझाने पर लोगों ने जाम खोला। वाहनों की एक किमी लंबी कतारें लग गईं। फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग स्थित गांव सादिकपुर में ब्रह्मदेव के पास श्रीमद्भागवत कथा की तैयारियां चल रही हैं।