जालौन जिले के कोंच में शुक्रवार रात उरई रोड पर ग्राम कैथी के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। गाड़ी में बैठी सवारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस ने आग पर काबू पाया लेकिन गाड़ी तबतक राख हो चुकी थी।
एक शादी समारोह से लौट रहे पांच लोग कार से वापस अपने घर आलमपुर जा रहे थे तभी उरई रोड पर अचानक उनकी गाड़ी के आगे वाले हिस्सें में आग लग गई। इससे गाड़ी में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों सहित सभी सवारियों ने गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
बताया गया कि आग बढ़ती देख ड्राइवर ने बुद्धिमानी दिखाते हुए सभी को आगाह करने के साथ ही कार को धीमा कर रोड़ के किनारे किया। कार सवार रिजवान, हालील, जब्बार, नाजिश, परवीन निवासी आलमपुर दबोह ने बाहर आकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सागर चौकी इंचार्ज संजीव कटियार एवं फायर सर्विसेज में प्रभारी ऊदल सिंह, फायर मैन दर्शन सिंह, रणधीर सिंह, रवि आदि मौके पर पहुंच गए लेकिन तबतक कार जलकर राख हो चुकी थी।