मि.ब्राउन और मॉडल बेकरी के प्रतिष्ठानों से विधानसभा चुनाव के एक दर्जन प्रत्याशियों को कई दिन से बिना बिल के केवल पर्ची लाने पर खाना-पानी भेजा जा रहा था। आयकर जांच में इसका खुलासा हुआ है। कानपुर के आयकर अधिकारियों ने बेकरी व रेस्टोरेंट संचालकों से ऐसा करने का कारण पूछा है। माना जा रहा है कि चुनाव खर्च कम दिखाने की मंशा से प्रत्याशियों ने बिना बिल के खाद्य सामग्री मंगवाई। प्रत्याशियों के काम को बेकरी संचालकों ने आसान किया।
कच्चे बिल काटे जा रहे थे
आयकर विभाग के सूत्र बताते हैं कि बेकरी संचालकों की रजामंदी से प्रत्याशियों को बिना बिल खानपान का सामान भेजा जा रहा था। इसके लिए पर्ची पर कच्चे बिल काटे जा रहे थे लेकिन ये बिल सिर्फ खुद के संज्ञान के लिए थे न कि हिसाब को जाहिर करने के लिए। बिना बिल खाद्य सामग्री भेजने का मामला सामने आने के बाद आयकर अधिकारी प्रत्याशियों की सूची और अब तक भेजे गए माल की जानकारी जुटा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि आयकर अधिकारी इस मामले में प्रत्याशियों पर भी शिकंजा कस सकते हैं। पुख्ता सबूत हाथ लगे तो चुनाव आयोग को भी सूचित किया जाएगा।