इटावा। चौथे चरण के लिए शनिवार शाम प्रचार थम गया। अंतिम दिन भाजपा, सपा और बसपा समेत सभी प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी। भाजपा प्रत्याशी ने शहर में रोड शो निकाला। वहीं, सपा प्रत्याशी के पक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष ने बसरेहर में रैली की।
भाजपा प्रत्याशी प्रो. रामशंकर कठेरिया का रोड शो हर्षवर्धन होटल स्थित चुनाव कार्यालय से शुरू हुआ, जो पक्का तालाब से पुरबिया टोला बाजार होते हुए नौरंगाबाद से शास्त्री चौराहा जीआईसी पर संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में नेताओं के साथ ही कार्यकर्ता शामिल रहे। रोड शो में प्रत्याशी के रथ पर पूर्व मंत्री सतीश पाल, सांसद की पत्नी डॉ. मृदुला कठेरिया, सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, नगरपालिका प्रत्याशी कुसुम दुबे, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता, शिवाकांत चौधरी मौजूद रहे।
बसरेहर में जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव उर्फ अंशुल यादव ने कस्बे में रैली निकालकर सपा प्रत्याशी जितेंद्र दोहरे के पक्ष में अपील की। पूरे कस्बे में सपा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता घूमे। रैली में जिलाध्यक्ष बब्लू शाक्य, वीरू भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी विकास गुप्ता आदि मौजूद रहे।
वहीं, बसपा प्रत्याशी सारिका सिंह ने भी महेवा क्षेत्र में रोड शो निकाला। शनिवार को भले ही चुनाव प्रचार समाप्त हो गया हो, लेकिन प्रत्यशी घर-घर जनसंपर्क करके अंतिम दिन तक ताकत लगाएंगे।