आर्थिक मदद की गुहार लगाता कैंसर पीड़ित सुरेश गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के औरेया जिले में जिला अस्पताल में रविवार को डीएम के पहुंचने पर वहां भर्ती अधेड़ ने खुद को कैंसर की बीमारी से पीड़ित बताते हुए इलाज के लिए सरकारी मदद की गुहार लगाई।
मोहल्ला ब्रह्म नगर निवासी सुरेश चंद्र गुप्ता को शनिवार देर रात जिला अस्पताल में भर्ती किया। उन्हाेंने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। समय से अस्पताल पहुंच जाने के कारण उनकी जान बच गई। इस बीच रविवार को जिला अस्पताल में स्वच्छता पखवाड़े की शुरूआत करने के लिए जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्र पहुंचे। डीएम को अस्पताल में देखकर वहां भर्ती सुरेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि वह कई सालों से कैंसर से ग्रसित हैं।
इलाज के लिए पूंजी खर्च कर दी लेकिन अब आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पा रहा है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में 5 अगस्त 2017 को प्रार्थना पत्र देकर विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। कागजी कार्रवाई भी पूरी की लेकिन सीएमओ के हस्ताक्षर न हो पाने के कारण वह एक माह से भटक रहा है। ऐसे में बीमारी के कारण उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्म हत्या करने का प्रयास किया था। इस पर डीएम श्रीकांत मिश्रा ने सीएमओ डा.एके राय से पीड़ित की मदद करने के निर्देश दिए हैं।