आईआईटी कानपुर में चल रहे तीन दिवसीय ई-समिट 2019 में शनिवार को इंवेंटो रोबोटिक्स कंपनी के सीईओ बालाजी विश्वनाथन ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय सर्विस सेक्टर की कंपनियों में बड़ी संख्या में नौकरियां नहीं जनरेट हो रही हैं, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में यह काम जारी है।
लेकिन भारतीय लोग मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को बुरा मानते हैं। किसी चीज का उत्पाद करने में ज्यादा विश्वास नहीं रखते। जबतक हम इस सोच को नहीं बदलेंगे, तबतक हम विकसित देशों की श्रेणी में शामिल नहीं हो पाएंगे। बालाजी विश्वनाथन ने कहा कि उत्पादन के क्षेत्र में ज्यादा काम करने से रोजगार बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था भी सुधरेगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ तकनीकों के सुधार पर भी सुधार करने की जरूरत है। हमें सॉफ्टवेयर से हटकर भी तकनीकों पर सोचने की जरूरत है।
ग्लैमर देखकर स्टार्टअप न शुरू करो
बालाजी विश्वनाथन ने कहा कि स्टार्टअप दूर से काफी ग्लैमरस दिखता है, लेकिन हकीकत में यह बेहद मुश्किल काम है। इसलिए जबतक आप इसके लिए सुनिश्चित न हों, तबतक कदम न रखें। डेज कंपीट कंपनी के फाउंडर अंकित अग्रवाल ने डर से जीतने का तरीका बताया। कहा कि हमेशा कुछ नया करने की सोच होनी चाहिए। दूसरों से सीखना चाहिए। आस-पास हो रहीं गतिविधियों का आकलन करना चाहिए और फिर आइडिया जनरेट करना चाहिए।