कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी और उससे संबद्ध डिग्री कॉलेज में प्रोफेशन कोर्सों की हालत खराब है। प्रवेश के लिए बहुत कम आवेदन आए हैं। कई कोर्स तो ऐसे हैं, जिनमें 10 से भी कम आवेदन आए हैं।
सीएसजेएम यूनिवर्सिटी में रेगुलर (बीए, बीएससी, बीकॉम आदि) और प्रोफेशनल कोर्स मिलाकर 63 कोर्स संचालित हैं। इनमें 35 हजार सीटें हैं। इनके सापेक्ष मात्र 17672 आवेदन ही आए हैं। बीबीए, बीसीए, एलएलबी, फिजियोथेरेपी, बीपीएड, बायोटेक्नोलॉजी जैसे कई विषयों में आवेदनों की संख्या साल दर साल घट रही है।
यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार डॉ. वीके सिंह ने बताया कि कुछ विषयों में आवेदन कम हुए हैं तो कई में मारामारी भी है। एमएड में 785 सीटों के लिए 2392, फूड टेक्नोलॉजी, एमजे कोर्स सहित कई विषयों में सीटों से ज्यादा आवेदन हैं। यही वजह है कि प्रवेश परीक्षा करानी पड़ रही है।