कानपुर स्थित हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में बीटेक पाठ्यक्रम में दो जुलाई से प्रवेश देने शुरू कर दिए जाएंगे। अभी रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। छात्र-छात्राएं 30 जून तक रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग कर सकते हैं। उन्हें सभी 13 ब्रांच चुनने की आजादी है, लेकिन ब्रांच और सीटों का आवंटन प्राथमिकता व जेईई मेंस की मेरिट के आधार पर होगा।
काउंसलिंग का पहला चरण एक जुलाई से प्रारंभ हो जाएगा, जो आठ जुलाई तक चलेगा। पहले चरण की फीस दो से छह जुलाई तक जमा करनी होगी। काउंसलिंग का दूसरा चरण नौ से 17 जुलाई तक चलेगा। 10 से 15 जुलाई तक प्रवेश और फीस जमा होगी। तीसरे राउंड की काउंसलिंग 18 से 24 जुलाई तक होगी। रजिस्ट्रार प्रो. मनोज शुक्ला ने बताया कि दो जुलाई से प्रवेश देने शुरू कर दिए जाएंगे।
बता दें कि इस बार प्रवेश समिति ने सीट फ्लोटिंग की प्रक्रिया भी सख्त कर दी है। अब सीट आवंटन के बाद छात्र जितनी बार फ्लोट का ऑप्शन चुनेगा, उतनी बार उसे बीस हजार रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। एससी-एसटी छात्रों को इसमें छूट दी गई है। उनके लिए 12 हजार रुपये प्रति सीट फ्लोट का चार्ज तय हुआ है।