जाजमऊ में ध्वस्त की गई दो मंजिला अवैध इमारत
कानपुर शहर में अवैध रूप से बनाई गईं 40 व्यावसायिक इमारतों के ध्वस्तीकरण का अभियान बृहस्पतिवार से शुरू हुआ। केडीए ने जाजमऊ में अवैध रूप से बनी दो मंजिला इमारत ध्वस्त कर दी। मेसर्स रमजान टेनरी वालों की ओर से करीब 1600 वर्गमीटर में अवैध रूप से निर्माण कराया गया था। इस दौरान थोड़ा विरोध भी हुआ।
दोपहर करीब ढाई बजे केडीए के प्रवर्तन जोन एक का दस्ता चकेरी पुलिस के साथ जाजमऊ पहुंचा। दस्ते के पहुंचते ही इमारत बनाने वालों ने विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने इमारत का नक्शा पास कराने के लिए केडीए में आवेदन दिए जाने की बात कही। इस पर केडीए अधिकारियों ने आवेदन की प्रति दिखाने को कहा। करीब दो घंटे बाद भी आवेदन की प्रति नहीं दिखा पाए तो केडीए के बुलडोजर ने इमारत को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। संचालकों ने केडीए पर बिना नोटिस दिए कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इस संबंध में केडीए के जनसंपर्क अधिकारी एसबी राय ने बताया कि इस अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण के आदेश पूर्व में ही जारी हो चुके थे।
निर्माणकर्ता को आदेश की जानकारी भी थी। इसी तरह रामनारायण बाजार स्थित मकान संख्या 20/52 पर अकील अहमद की ओर से स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कराया जा रहा था। इस निर्माण को सील कर दिया गया है। इस दौरान अधिशासी अभियंता डीएस चौहान, आरपी सिंह, मुकेश अग्रवाल, अतुल मिश्रा समेत सभी एई-जेई, क्षेत्रीय पुेिलस बल मौजूद रहा।