डेरापुर। रूरा- डेरापुर मार्ग पर अग्निशमन केंद्र के पास ईंट-भट्ठे के मुनीम को बातों में उलझाकर बाइक सवार दो युवक करीब 4500 रुपये पार कर ले गए। प्लॉट दिखाने के बहाने युवक मुनीम को अपने साथ ले गए और जगदीशपुर में फौजी की प्रतिमा के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू की है।
ऊधमपुर किशवाखेड़ा निवासी रामबाबू ने बताया कि वह जिगनिस गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मुनीम हैं। बुधवार को वह काम पर जा रहे थे, तभी अग्निशमन केंद्र के पास डेरापुर की ओर से बाइक सवार दो युवक आए। उन्होंने खुद को गांव के सूरज सिंह का भांजा बताते हुए कहा कि उन्होंने एक प्लॉट लिया है, जहां लोग इकट्ठा हैं और उन्हें बुला रहे हैं। प्लॉट दिखाने के बहाने दोनों युवक उसको अपनी बाइक पर बैठाकर जगदीशपुर स्थित फौजी की प्रतिमा के पास ले गए।
वहां उन्हें उतारने के बाद दोनों युवक फरार हो गए। युवकों के जाने के बाद उसने अपनी जेब देखी तो उसमें रखे करीब 4500 रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने प्रतिमा के पास एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें बाइक सवार दोनों युवक उसके साथ दिखाई दे रहे हैं लेकिन कैमरा दूर लगे होने के कारण उनके चेहरे और बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। थानाध्यक्ष नीलेश कुमारी ने बताया कि पीड़ित ने देर शाम घटना की जानकारी दी है। मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।