गोविंद नगर विधानसभा सीट उपचुनाव
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में गोविंदनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने की बसपा से शुरुआत हो गई है। गुरुवार को दो नामांकन पत्र जमा हुए। इनमें बसपा प्रत्याशी देवी तिवारी और जस्टिस पार्टी की अनीता देवी हैं। निर्वाचन कार्यालय में प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति के ब्योरे से संबंधित जो हलफनामे जमा किए हैं, उनके मुताबिक बसपा प्रत्याशी की पत्नी शची तिवारी आभूषण के मामले में पति देवी तिवारी से अधिक धनी हैं।
इसके अलावा दो निर्दल प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। बसपा प्रत्याशी के ब्योरे में दर्शाया गया है कि उनके पास पांच कारें हैं। इनमें एक होंडा सिटी भी शामिल है। हालांकि उनके पास कैश 50 हजार रुपये ही है। लेकिन कुल संपत्ति करीब 29 लाख रुपये से अधिक की है।
ब्योरे में देवी तिवारी के पास आभूषण एक लाख रुपये से कम के हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 14 लाख से अधिक के आभूषण हैं। बसपा प्रत्याशी ने कार के लिए पांच लाख, 96 हजार रुपये का लोन भी लिया है। उनकी डेढ़ लाख रुपये की एलआईसी बीमा पॉलिसी भी है। उनके पास हरियाणा में एक फ्लैट भी है। बसपा प्रत्याशी के ऊपर कोई मुकदमा नहीं है। रायफल का एक लाइसेंस है। बसपा प्रत्याशी ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री ली है।
जस्टिस पार्टी की प्रत्याशी के पास एक मोटर साइकिल
गोविंदनगर विधानसभा उप चुनाव के लिए जस्टिस पार्टी की अनीता देवी ने नामांकन दाखिल किया। वाहनों में उन्होंने एक मोटर साइकिल का ब्योरा दिया है। अपने पास 50 हजार रुपये नकदी बताई है। वह एमए, एलएलबी हैं।