रूरा। नगर के पालीवाल नगर निवासी एक व्यापारी के बेटे का कस्टम विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर चयन हो गया है। सोमवार को मेधावी छात्र ने केरल के कोच्चि में ज्वाइनिंग कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। पिता ओम स्वरूप मिश्रा ने बताया कि वह साउंड सिस्टम का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटा अक्षत मिश्रा (25) ने प्राइमरी से लेकर इंटर तक की शिक्षा नगर के रामनगर वार्ड स्थित वीणा वादिनी स्कूल में की है। इसके बाद दिल्ली में बेटी तृप्ती मिश्रा के घर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता रहा। वर्ष 2025 में एसएससी सीजीएल की भर्ती निकलने पर आवेदन करने के बाद तैयारी शुरू की और अगस्त 2026 में परीक्षा का परिणाम आने के बाद उसका चयन कस्टम विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर हुआ। बेटे की सफलता पर मां विनीता देवी, भाई मयंक मिश्रा व छोटे भाई यश मिश्रा व परिजन खुश हैं। मेधावी छात्र से फोन कर बात की तो उसने बताया कि इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता के अलावा गुरुजनों को जाता है। (संवाद)