कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में जेल भेजी गई विनीत की बहू शालू का पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा गया था। विवेचक की अर्जी पर कोर्ट ने बुधवार को शालू को जेल से तलब किया था। साथ ही नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर को भी जेल से कोर्ट लाया गया था। सीजेएम के अवकाश पर होने के कारण एसीजेएम प्रथम की अदालत में रिमांड पर सुनवाई होनी थी लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य बहिष्कार के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने सुनवाई के लिए 19 सितंबर की तारीख तय की है।
रिमांड की अर्जी में विवेचक ने दावा किया है कि शालू से जेल में लिए गए बयान में बताया गया है कि उसने फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिए विशाल को दी थी। विशाल ने परेड में किसी दुकानदार से चाबी बनवाई थी। फ्लैट की चार चाबियां थी जिसमें दो चाबी फ्लैट के अंदर रखी रहती थीं। उनमें से एक चाबी विशाल को दी गई थी। शालू ने कौन सी चाबी विशाल को दी थी उसकी बरामदगी करनी है और विशाल ने परेड में जिस दुकानदार से चाबी बनवाई थी उस जगह की ही तस्दीक पुलिस को करनी है।