ऐसे पकड़े गए सभी बदमाश
19 दिसंबर को पाली थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी कपड़ा व्यापारी रामजी मिश्रा का अपहरण दुकान से गांव जाते समय कर लिया गया था। 22 दिसंबर को एसटीएफ और हरदोई पुलिस की संयुक्त टीम ने पाली थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद रामजी मिश्रा को सकुशल खोज लिया था। मुठभेड़ के दौरान बाराबंकी निवासी विशाल वर्मा पुलिस की गोली से घायल हुआ था।
मुख्य साजिशकर्ता रविकांत भी पुलिस की गोली लगने से हुआ था घायल
इसके बाद 23 दिसंबर को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में घटना में शामिल रहे दो शातिर भी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए थे। इसी क्रम में रविवार शाम पिहानी कोतवाली क्षेत्र में अपहरण के मुख्य साजिशकर्ता रविकांत भी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था और उसका एक साथी गिरफ्तार भी किया गया था। अपहरण की घटना को अंजाम देने में शामिल रहे बाराबंकी के कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत भिठारी पीर बटावन निवासी साबिर की तलाश पुलिस कर रही थी।
संदेश साफ है...कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे
मुठभेड़ के बाद एसपी केसी गोस्वामी ने कहा कि दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम देने वाले शातिरों से सख्ती से निपटा जाएगा। कपड़ा व्यापारी रामजी मिश्रा के अपहरण में जितने भी लोगों के नाम सामने आए थे उन सभी को अलग अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि किसी भी घटना को अंजाम देने की कोशिश करने वाले अंजाम के बारे में भी सोच लें। पुलिस मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप काम कर रही है। पूर्व में अपराध कर चुके लोग कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे।