बकेवर। बकेवर से भरथना व लखना-चकरनगर मार्ग के किनारे झाड़ व विलायती बबूल की झाड़ियां उग आने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। झाड़ से सड़क की पटरी के दोनों किनारे ढक गए हैं। वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ऐसे में कभी भी कोई दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
बकेवर से भरथना होते हुए बिधूना, कन्नौज व फर्रुखाबाद मार्ग पर सड़क के दोनों ओर झाड़ियां हो गई हैं। दूसरी ओर लखना से चकरनगर होकर जालौन व मध्य प्रदेश के भिंड को जाने वाली सड़क पर वर्षों से झाड़ियों की कटाई-छंटाई नहीं कराई गई है।
झाड़ व पेड़ों की बेल और डालें सड़क तक आ गई हैं। झाड़ियां बाइक व साइकिल सवारों के चेहरे से टकराती हैं जिससे वग चोटिल हो जाते हैं। वहीं रास्ते के मोड़ पर कुछ दिखाई ही नहीं देता है। जिस कारण कटीली झाड़ियों से लोग जख्मी हो जाते हैं। राहगीरों को भी इस कांटे भरे रास्ते पर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
आसपास गांव में रहने वाले प्रमोद, अरविंद, आदेश त्रिपाठी, बबलू अग्निहोत्री दीपू चौहान, विनोद सिंह कुशवाह, दीपू दुबे, डॉ. गोविंद त्रिपाठी, सुधीर , पूर्व प्रधान हरेंद्र त्रिपाठी, सोमू त्रिपाठी व जागेश्वर पाल का कहना है कि समस्या गंभीर होने के बाद भी इसपर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं पीडब्ल्यूडी के एई मनोज कुमार का कहना है कि बरसात में झाड़ियां उग आती हैं। बरसात बंद होते ही झाड़ियों को कटवा दिया जाएगा।