फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में बरौंहा गांव के पास बुधवार रात बरातियों की बस भिड़ंत बचाने में अनियंत्रित हो गई। बेकाबू बस खंती में जा गिरी। हादसे में करीब बीस लोग घायल हुए। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा के कोरवल गांव निवासी जयराम निषाद के बेटे विनय कुमार निषाद की बारात गाजीपुर के सातों धरमपुर गांव में रामखेलावन के यहां जा रही थी। हादसा बहुआ गाजीपुर मार्ग पर बरौंहा गांव के पास हुआ।
बारातियों से भरी बस के सामने अचानक चार पहिया वाहन आ गया। बस चालक ने टक्कर बचाने को बस कच्चे मार्ग पर उतार दिया। बस अनियंत्रित होकर खेतों में जाकर पलट गई। बस में चालीस बाराती रहे हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची।
पुलिस ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में कोरवल गांव निवासी राजबहादुर निषाद (32), देवीदयाल (58), हरिश्चंद्र (40) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बहुआ पीएचसी में अमित कुमार (38), रामकिशुन निषाद (55), शिवपाल (60), देशराज निषाद (62), बलबीर निषाद (32) को भर्ती कराया गया। बहुआ चौकी प्रभारी किशन सिंह ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया । सभी की हालत खतरे से बाहर है।