चोरों द्वारा दीवार पर लगाई गई सेंध।
- फोटो : ORAI
उरई। पक्की दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर जेवर, नगदी, कपड़े सहित लगभग डेढ़ का माल पार कर दिया। चोर कपड़े व बैग घर के पीछे झाड़ियों में फेंककर भाग गए। जब सुबह घर के लोग जागे तो टूटी दीवार व कमरे में बिखरा पड़ा सामान देखकर दंग रह गए। इसकी सूचना महिला ने यूपी 100 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरारखेरा स्थित रविदास मंदिर के पास रहने वाली आराधना पत्नी रंजीत कुमार के घर पर चोर ईंट की बनी पक्की दीवार में पीछे से सेंध लगाकर घर में घुसे और कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये, पायल, हाफपेटी, मंगलसूत्र बाला, झुमकी सहित लगभग डेढ़ लाख का माल चोरी कर लिया। जाते समय चोर कपड़ों से भरे बैग भी ले गए। जो सुबह घर के पीछे झाड़ियों में पड़े मिले।
घर में बच्चों के साथ सो रही महिला को चोरी की भनक तक नहीं लग गई। वह जब सोकर जागी तो टूटी दीवार व कमरे में फैला सामान व जेवर नगदी गायब देख उसके होश उड़ गए। उसने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दे दी। महिला का कहना है कि उसका पति ड्राइवर है और प्राइवेट कार चलाता है। वारदात के वक्त वह घर नहीं था। वह अपने दो बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी।