कन्नौज जिले के इंदरगढ़ में सपा नेता जिला पंचायत सदस्य के स्कूल पर प्रशासन का बुलडोजर चला। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में स्कूल के भवन को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान तहसीलदार न्यायालय ने सपा नेता पर तीन लाख 30 हजार का जुर्माना भी लगाया। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के बहादुरपुर लाख गांव में सपा नेता जिला पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह यादव ने ग्राम समाज की 66 सौ वर्गमीटर जमीन पर कब्जा कर अवैध ढंग से चंद्रशेखर आजाद जूनियर हाईस्कूल का निर्माण कार्य कराया था।
तिर्वा तहसीलदार नवनीता राय ने स्कूल प्रबंधक दिगंबर सिंह यादव के खिलाफ बेदखली का आदेश पारित किया था। रविवार सुबह होते ही तहसील प्रशासन ने विद्यालय को ध्वस्त करने की तैयारी शुरू कर दी। 10 बजते ही इंदरगढ़, ठठिया और सौरिख थाना पुलिस पहुंच गया। इसके बाद तिर्वा एसडीएम उमाकांत तिवारी, तहसीलदार नवनीता राय, लेखपाल बृजेश अग्निहोत्री पहुंचे। इसके बाद जेसीबी चलाकर प्रशासन ने अवैध स्कूल को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त किया। तहसीलदार न्यायालय ने स्कूल प्रबंधक दिगंबर सिंह यादव के खिलाफ तीन लाख 30 हजार का जुर्माना भी लगाया।