Shuklaganj News: शताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से सांड़ टकरा गया। हादसा मगरवारा स्टेशन से सहजनी क्रॉसिंग के बीच नेहरू बाग के पास हुआ। ट्रेन 20 मिनट खड़ी रही।
मगरवारा रेलवे स्टेशन से सहजनी क्रॉसिंग के बीच नेहरू बाग रेलवे लाइन के पास बुधवार की शाम ट्रैक पार कर रहा सांड़ लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही सम शताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गया। टक्कर लगने से इंजन के काऊ कैचर की जाली टूट गई। तेज आवाज होने और गोवंश के टुकड़े इंजन में फंसने की आशंका से चालक ने रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन रोक दी। सब कुछ ठीक होने पर 20 मिनट बाद ट्रेन कानपुर के लिए रवाना हुईं।
विज्ञापन
लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही सम शताब्दी एक्सप्रेस बुधवार की शाम 4:23 बजे मगरवारा रेलवे स्टेशन व सहजनी क्रॉसिंग के बीच जैसे ही पहुंची, नेहरू बाग रेलवे लाइन के पास एक सांड़ इंजन से टकरा गया। टक्कर लगने से तेज आवाज के साथ झटका महसूस होने पर चालक ने कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ ही 4:25 बजे ट्रेन को सहजनी रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ा कर दिया। चालक ने रेलवे क्रॉसिंग के गेट मैन की मदद से इंजन के काऊ कैचर की जाली के पास फंसे गोवंश के टुकड़े हटाए। बताया गया कि टक्कर लगने से काऊकैचर की जाली टूट गई। यह देख ट्रेन में बैठे यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। सब कुछ ठीक होने पर चालक को 4.45 बजे ऑल क्लीयर का मैसेज मिला। 20 मिनट बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। वहीं पीछे से शाम पांच बजे आई मेमो ट्रेन भी कुछ देर के लिए खड़ी रही। चालक ने रेलवे ट्रैक क्लीयर होने की तस्दीक करने के बाद ही ट्रेन आगे बढ़ाई।