यूपी में फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी और सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। इनामी पर संकिसा बौद्ध स्थल के पुस्तकालय में लूट का आरोप है, इसके दो साथी भाग गए। पुलिस ने घायल इनामी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके खिलाफ अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
सोमवार की रात मेरापुर एसओ सुदीप मिश्रा, स्वाट प्रभारी विनय प्रकाश राय और मऊदरवाजा थाना प्रभारी दधिबल तिवारी वांछित और शातिरों की गिरफ्तारी के लिए मेरापुर इलाके में गश्त कर रहे थे। मेरापुर के गनेशपुर चौराहा के पास पिलखना की ओर से आ रही पिकप को एसओ सुदीप मिश्रा ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने स्पीड बढ़ा दी। सुदीप मिश्रा ने वायरलेस सेट से स्वाट प्रभारी और मऊदरवाजा थाना प्रभारी को सूचना दी।
पुलिस पार्टी ने पिकप की घेराबंदी कर ली। इस पर पिकप सवार तीन बदमाशों ने अचरा मोड़ के पास पुलिस पार्र्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग एक गोली बदमाश के दाएं पैर में लगी। वहीं बदमाशों की एक गोली मेरापुर थाने के सिपाही विनय चौहान के दाहिने कंधे में लग गई। बदमाश के दो साथी अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकले। पुलिस घायल सिपाही और इनामी को मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां से बदमाश की हालत खराब होने पर डाक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। पकड़ा गया बदमाश जिला मैनपुरी थाना कुरावाली के रीछपुर गांव निवासी शमशेर बंजारा है।
एएसपी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश के ऊपर 25 हजार का इनाम था। बदमाश ने अपने साथियों के साथ 13 मई की रात संकिसा स्थित बौद्ध पुस्तकालय में लूटपाट की थी। पकड़े गए बदमाश के पास से तमंचा, तीन खोखा और एक कारतूस, 4500 रुपये, एक लूटा मोबाइल और चोरी की पिकप बरामद हुई। बताया कि पकड़े गए बदमाश के साथी जिला एटा थाना सकीट के दत्तपुरा कुंजनपुर गांव निवासी करु उर्फ इंद्रभान और उसका एक अन्य साथी फरार हो गए। मालूम हो कि लूटपाट की घटना में पुलिस इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मोहम्मदाबाद में बदमाश का नहीं हुआ मेडिकल
घायल बदमाश का मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल नहीं हुआ। रात को घायल को दरोगा छैलबिहारी एंबुलेंस से लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। यहां पर डा. अभिषेक चतुर्वेदी ने मेडिकल किया।
आगरा, एटा, फिरोजाबाद में दर्ज हैं कई मुकदमे
बदमाश के ऊपर जिला फिरोजाबाद में गैंगस्टर, चोरी समेत तीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा जिला आगरा में गैंगस्टर समेत चार मामले दर्ज हैं। वहीं, एटा में जानलेवा हमले का एक मामला दर्ज है। मेरापुर थाने में लूटपाट और पुलिस मुठभेड़ के मामले दर्ज हैं।